कृषक को अपने आस पास तेजी से होने वाली घटनाओं पर ध्यान रखना चाहिए नहीं तो वह विकास की दौड़ से बाहर हो सकता है। ऐसी ही एक नई तकनीक है पोली हाऊस (ग्रीन हाऊस)। पोली हाऊस लगाकर कृषक अपनी आमदनी बढ़ा सकता है। इस तकनीक का प्रयोग कर कृषक एक हेक्टेयर के भी दशवें हिस्से के बराबर पोलीहाऊस बनाकर एक हेक्टेयर की खेती से होने वाली आय के बराबर लाभ कमा सकते हैं परन्तु इसके लिए व्यवहारिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण लेना अत्यन्त आवश्यक है।
1008 वर्ग मीटर की पोलीहाऊस परियोजना लगभग 9.5 लाख रुपये में तैयार कर उत्पादन प्रारम्भ कर सकता है। सरकार द्वारा इस पर 50-75 प्रतिशत सब्सिडी भी देय है। ऐसे में पोलीहाऊस लगाना आसान है परन्तु इस का रख-रखाव बहुत ही अहम हो जाता है। एक पोलीहाऊस की उम्र लगभग 15 से 20 वर्ष तक आंकी गई है। ऐसे में जरूरी हो जाता है कृषक के लिए कि वह अपने पोलीहाऊस का रख रखाव ठीक प्रकार से करें। इसलिए आइये जानते हैं पोलीहाऊस सम्बन्धित कुछ महत्वपूर्ण तथ्य।
1.अगर किसी घटक एवं जोड़ों के नट बोल्ट ढीले पड़ गये हों तो उसकी जांच करें एवं उन्हें कस लें। और नट बोल्ट टूट गये हों या फिसल रहे हों तो अच्छी गुणवत्ता के नट बोल्ट लगायें और अगर स्वयं सम्भावना हो तो निर्माता के सम्पर्क कर ठीक करवायें या बदलवाएं। साथ ही अगर सम्भव ना हो तो कम्पनी ग्रीन हाऊस निर्माण में लगी हुई कम्पनियों से एएमसी (एनुवल मेनटेनेंस कान्ट्रेक्ट) की भी बात करें। साथ ही इंश्योरेंश कम्पनी द्वारा ढांचे एवं पोलीफिल्म का बीमा करवायें।
2.सही ओरियन्टेशन में हरित गृह का निर्माण बहुत जरूरी है। गट्टर का पानी निकालने वाली नाली की दिशा हमेशा उत्तर-दक्षिण दिशा में होनी चाहिए। नये गट्टर में किसी प्रकार का जोड़ नहीं होना चाहिए।
3. पुराने गटर से पानी का स्राव हो रहा है तो उसमें डामर पिघला कर उसकी सतह पर डालें। पहली बरसात में पानी का स्राव होने वाली जगह चिह्नित कर लें और बरसात रुकने पर उपरोक्त कार्यवाही करें।
4. टेलीस्कोपिक फाउन्डेशन होना चाहिए ताकि वायु का दाब कॉलम पर ना पड़े और ढांचे में लचीलापन रहे। पाइप जमीन में गाड़ें, सीमेंट कंकरीट से भरें और रोज तराई करें। 76 मिलीमीटर व्यास वाला पाइप उसके ऊपर चढ़ायें और यह पाइप सीमेंट कंकरीट की सतह पर टिका होना चाहिए। और नट 2 जगह बोल्ट से कसा होना चाहिए। किसी प्रकार की बेल्डिंग दोनों पाइपों के बीच नहीं होनी चाहिए। साथ ही ढांचे की पंक्तिबद्धता महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है जैसे सभी कॉलम लाइन से होने चाहिए और क्लैम्प वगैरह उचित अवस्था में पंक्तिबद्ध होने चाहिए। ढांचा तैयार करने के लिए काम में लिये गये पाइपों, कलैम्प और आर्क इत्यादि चीजें किसी प्रकार से मुड़ी हुई नहीं होनी चाहिए।
5. हरित गृह का दरवाजा, सहज रूप से खुलना एवं बंद होना चाहिए अगर इसमें परेशानी आ रही हो तो दरवाजों की रेल, पुली और बीयरिंग की पंक्तिबद्धता को जांच लें। साथ ही रेल, बीयरिंग और पुली को ग्रीस लगायें ताकि दरवाजा सहज रूप से खुल सके। महीने से एक या दो बार उपरोक्त प्रक्रिया को अपनाएं, साथ ही साइड वेन्टस के हैण्डलस, शेड नेट के व्हील की भी उचित ग्रीसिंग करें ताकि वह जंग से जाम ना हो और उनका चलन ठीक तरिके से हो। अगर गटर से बरसात के दौरान आने वाले अमृत रूपी पानी को संचय पाइपों की मदद से टैंक से कर लिया जाये तो इस एकत्रित पानी का उपयोग पोलीहाऊस को लगाये जाने वाली शाक-सब्जियों या कट फ्लावर की खेती के रूप में किया जा सकता है। जिन क्षेत्रों से पानी का पर पीएच एवं ईसी ज्यादा है वहां वर्षा के संचित पानी एवं उस क्षेत्र पर उपलब्ध पानी को आपस में मिला कर शाक-सब्जियों या कट फ्लॉवर उत्पादन के लिए काम में लिया जा सकता है।
6. खींचकर बांधी गई पोलीफिल्म दूर से कांच के समान दिखाई देती है। हमेशा धूप आने के पश्चात की पोलीफिल्म की बंधाई का काम करना चाहिए। अकसर देखने सें आता है कि सर्दियों के समय ठण्डे मौसम से बांधी गई पोलीफिल्म गर्मियों के मौसम में ढीली पड़ जाती है और बाद में हवा उसमें घर कर लेती है और वह फट जाती है।
7. प्लास्टिक पदार्थ होने के कारण तापीय फैलाव गुणांक ऊंचा होता है, इससे गर्मी के मौसम सें पॉलीथीन फिल्म ढीली पड़ जाती है। ऐसे में आवश्यकतानुसार इसे फिर से कसा जाना चाहिए।
8. पोलीहाऊस से लोहे की गेलबेनाइज्ड पाइपों का प्रयोग किया जाता है। जो कि गर्मियों से गर्म हो जाती है और जो पोलीफिल्म उसके सम्पर्क में आती है तो वह वहां से कमजोर हो जाती है। इसलिए ऐसी पाइपों पर सफेद पेंट कर देना चाहिए ताकि वह ज्यादा गर्म ना हो पायें।
9. पर्दो को आंधी या तेज हवा चलने पर बंद कर देना चाहिए। अगर उत्तर दिशा से तेज हवा आ रही है तो पहले उत्तर दिशा का पर्दा बन्द करें और बाद मे बाकी। अन्यथा पोलीफिल्म फटने का डर रहता है। साथ ही ऐसी परिस्थिति से दरवाजे भी बंद करें। ऐसे में पोलीहाऊस बाहर का एरोडायनेमिक्स आकार भी आंधी एवं तेज हवाओं से बचाने में अहम भूमिका अदा करेगा।
10. कभी कभी आंधी आने या तेज हवा चलने की वजह से लाकिंग प्रोफाइल ढीली पड़ जाती है और जिंक जेक स्प्रिंग प्रोफाइल पट्टी से बाहर निकल जाती है और पोलीफिल्म बाहर निकल आती है ऐसे में आंधी (तेज हवा) बंद होने पर पुनः नई स्प्रिंग फिट करनी चाहिए।
11. पोलीफिल्म का रोल खोलते वक्त ध्यान रखें कि नीचे की सतह समतल हो और किसी प्रकार के कंकड़ पत्थर ना हों। साथ ही उस पर चलना नहीं चाहिए वरना उस पर निशान हो जाते हैं और पोलीफिल्म कमजोर पड़ जाती है। जिससे फटने का डर बढ़ जाता है। पोलीफिल्म पर इनर साइड एंव आऊटर साइड लिखा होता है। उसी प्रकार से वह लगाई जानी चाहिए।
12. समयानुसार महीने सें कम से कम एक बार पोलीफिल्म की धुलाई पानी एवं सर्फ के पानी के घोल से करनी चाहिए। यह कार्य गट्टर पर चलकर फूट पम्प द्वारा किया जा सकता है। हरित गृह का रखरखाव एवं मरम्मत करते वक्त सबसे महत्वपूर्ण बात है स्वयं की सुरक्षा। अतः अपनी सुरक्षा के लिए यथा सम्भव हर प्रकार के जरूरी कदम उठायें जैसे बिना किसी सहारे के घटकों को न हटायें, फर्स्ट एड बाक्स पोलीहाऊस को रखें इत्यादि।
13. गर्मियों की शुरूआत होते ही प्रकाश की तीव्रता एवं तापमान कम करने के लिए सफेदी या सफेद डिस्टेम्पर की पुताई पोलीहाऊस की पोलीफिल्म पर बाहरी रूप से करें। इससे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान एवं 20 से 25 किलो लक्स प्रकाश की तीव्रता कम हो जाती है 1008 वर्गमीटर के पोलीहाऊस के लिए 40 किलोग्राम चूने को 300 लीटर पानी में मिलाकर ऊपरी प्लास्टिक पर फूट पम्प स्प्रे के द्वारा गटर पर चलकर स्प्रे किया जाता है। यह कोटिंग करने से पूर्व पोलीफिल्म पानी से धोई जाती है। साथ ही उपरोक्त घोल से फेविकोल या गोंद मिलाकर चिपचिपाहट बढ़ाई जाती है। मार्च के अन्तिम सप्ताह या अप्रैल के प्रथम सप्ताह में आमतौर पर यह कार्य किया जाता है। आमतौर पर 15 जुलाई के बाद या मानसून आने पर यह स्वयं साफ हो जाती है। बरसात ना होने पर पानी से धो दी जाती है।
14. अप्रोन की पोलीफिल्म को 20-45 सेमी मिट्टी के अन्दर दबाना चाहिए।
15. पोलीफिल्म के आसपास बड़े साइज का बोल्ट ना लगा हो। अगर यह पाइप, हॉकी या क्लैम्प में लगा है तो इससे पोलीफिल्म फट या कट सकती है। ऐसे में बोल्ट की साइज काट कर कम कर देनी चाहिए।
16. पोलीफिल्म फिटिंग करते समय अल्यूमीनियम पट्टी एवं जिक-जेक स्प्रिंग जो कि गेलबेनाइज्ड हो, लगाई जानी चाहिए। पोलीफिल्म खींचकर लगानी चाहिए ताकि वह ढीली ना हो ओर ना ही उसमें सिलवटें हों। अन्यथा हवा उसमें घर कर जायेगी और वायु दाब से फट जायेगी।
17. कभी भी किसी कारणवश पोलीफिल्म में कट लग जाये तो उसे तुरन्त पैरा बैंगनी स्थिरीकृत पारदर्शी टेप द्वारा रिपेयर करनी चाहिए।
18.पोलीहाऊस का बीमा अनिवार्य कराना चाहिए।
19. वायु प्रतिरोधी पेड़ भी अत्यंत उपयोगी होते हैं। पोलीहाऊस के पश्चिम एवं पूर्वी छोर पर, ढांचे से लगभग 6 से 10 मीटर की दूरी पर वायु प्रतिरोधी पेडों की दो कतार लगा दी जाती है। जिसमें वायु की तीव्रता कम होती है, तिकोने तरीके से 2.5 मीटर x 2.5 मीटर या 3 मीटर x 3 मीटर की दूरी पर लगाएं।
20.आमतौर पर गेलवेनाइज्ड पाइपों से बने पोलीहाऊस के ढांचे की व्यवसायिक उम्र 15 से 20 वर्ष होती है और पॉलीथीन फिल्म जो काम से ली जाती है उसे तीन वर्ष के अन्दर बदलना पड़ता है। अगर ठीक ढंग से पोलीहाऊस का रखरखाव एवं प्रबंधन किया जाये तो उपरोक्त लक्ष्य की प्राप्ति की जा सकती है। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान कम से कम नुकसान होने की सम्भावनाएं रहती हैं, अगर हम उपरोक्त वर्णित छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखें। और बीमा कम्पनियों से बीमा करवा कर विकासशील कृषक अपना जोखिम काफी हद तक कम कर सकता है, वो भी बहुत कम प्रीमियम भर कर।